न्यूज

हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा 2026 में कामरान ने रचा कीर्तिमान

बहराइच (23 अप्रैल 2026) : माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा घोषित हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा 2026 के परिणामों में जनपद बहराइच के नवाबगंज क्षेत्र के होनहार छात्र कामरान पुत्र दस्तगीर बेग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 600 में से 540 अंक (90%) हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कामरान, जो कि जवाहर लाल राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, नवाबगंज (बहराइच) के छात्र हैं, ने अपने विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हैं तथा अपने गांव में भी अब तक की जानकारी के अनुसार सबसे अधिक अंक हासिल करने वाले छात्र बन गए हैं। वहीं, क्षेत्र स्तर पर भी उनके अंक सबसे अधिक बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

कामरान ने हिंदी में 93, अंग्रेजी में 91, गणित में 95, विज्ञान में 92, सामाजिक विज्ञान में 83 तथा चित्रकला में 86 अंक प्राप्त कर अधिकतर विषयों में A1 ग्रेड हासिल किया और अपनी मेहनत का शानदार परिणाम पाया। इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ उनके अध्यापकों का विशेष योगदान रहा है। विशेष रूप से चंद्र शेखर तिवारी ने उन्हें अतिरिक्त समय देकर पढ़ाया और आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराईं। वहीं मोहित जायसवाल ने भी उन्हें गाइड करते हुए सही दिशा में निरंतर मार्गदर्शन दिया।

कामरान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु विनोद कुमार मिश्रा को भी दिया है, जिनका नाम विद्यालय के प्रमुख शिक्षकों में शामिल है और जिनकी प्रेरणा ने उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की ताकत दी। इसके अलावा विद्यालय के अन्य अध्यापकों—विनोद कुमार मिश्रा,अब्दुल हफीज, विश्वकर्मा, राजन पांडे, देव दास त्रिपाठी, पारख नाथ तिवारी, आदित्य सिंह, कृष्ण कुमार, नितिन कुमार तथा संदीप कुमार—ने भी उन्हें हार्दिक बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दीं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.पी. वर्मा ने कामरान की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कामरान ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन मिले, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button