
जिवरन फाउंडेशन (Jivran Foundation) द्वारा ज्योतिष, वास्तु, साहित्य एवं आध्यात्मिक साधना में विशिष्ट योगदान हेतु प्रदान किया गया सम्मान
चतरा, 23सितम्बर 2026, प्रतिष्ठित सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था जिवरन फाउंडेशन (Jivran Foundation) द्वारा वर्ष 2026 के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में जाने-माने विद्वान, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं साहित्यकार कवि डॉ. रवीन्द्र प्रसाद ‘दैवज्ञ’ को ‘राष्ट्रीय ज्योतिष रत्न सम्मान 2026’ से अलंकृत किया गया है।संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष ई. आकाश साहू द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि डॉ. रवीन्द्र प्रसाद ‘दैवज्ञ’ को यह सम्मान ज्योतिष शास्त्र, वास्तु तथा आध्यात्मिक साधना के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन अध्ययन, गहन ज्ञान, साधना एवं समाजोपयोगी सेवाओं के उपलक्ष्य में प्रदान किया गया है।डॉ. दैवज्ञ ‘बगला शक्त्याचार्य’, ‘ज्योतिष शिरोमणि’ एवं ‘वास्तु महर्षि’ जैसी प्रतिष्ठित उपाधियों से विभूषित हैं। उन्होंने अपने जीवन को ज्योतिषीय ज्ञान, वास्तु मार्गदर्शन एवं आध्यात्मिक साधना के माध्यम से पारंपरिक वैदिक ज्ञान व सनातन मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन हेतु समर्पित किया है।ज्योतिष एवं वास्तु के अतिरिक्त डॉ. दैवज्ञ साहित्य और काव्य के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय हैं। बहुआयामी प्रतिभा के धनी डॉ. दैवज्ञ ने ‘साहित्य सृजन मंच’ की स्थापना कर सामाजिक व सांस्कृतिक चेतना के विस्तार में सराहनीय योगदान दिया है। पूर्व में भी वे विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक मंचों से सम्मानित हो चुके हैं।जिवरन फाउंडेशन के अध्यक्ष ई. आकाश साहू ने डॉ. दैवज्ञ के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, निरंतर सफलता एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस उपलब्धि पर वरीय शिक्षक श्रीराम राय सहित साहित्य, ज्योतिष एवं शिक्षा जगत के गणमान्य विद्वानों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



