न्यूज

साहित्यकार व पूर्व सांसद शंकर दयाल सिंह की जयंती पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन

साहित्यकार किए गए सम्मानित

औरंगाबाद:27/12/2025, महान साहित्यकार और पूर्व सांसद डॉ. शंकर दयाल सिंह की जयंती के पावन अवसर पर, सामाजिक संस्था ‘जनेश्वर विकास केंद्र’ की साहित्यिक इकाई ‘साहित्य संवाद’ के तत्वावधान में भव्य ‘शंकर दयाल सिंह महोत्सव’ के अंतर्गत कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संयोजन ‘महोत्सव पुरुष’ के रूप में विख्यात श्री सिद्धेश्वर विद्यार्थी द्वारा किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिले और आसपास के प्रतिष्ठित कवियों और शायरों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत साहित्यकार शंकर दयाल सिंह को नमन करते हुए हुई। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शंकर दयाल सिंह न केवल एक ओजस्वी सांसद थे, बल्कि हिंदी साहित्य के एक सशक्त हस्ताक्षर भी थे। उनके द्वारा आयोजित किए जाने वाले कवि सम्मेलनों की ख्याति देश-विदेश तक फैली थी, जहाँ नामी-गिरामी साहित्यकार शिरकत करते थे। आज का यह आयोजन उन्हीं की स्मृतियों को जीवंत करने का एक प्रयास है।

कवि सम्मेलन का संचालन वरीय कवि एवं शिक्षक श्री श्रीराम राय ने अत्यंत ही काव्यमय और रोचक ढंग से किया, जिसने श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा।

काव्य पाठ के सत्र में विभिन्न रसों की गंगा बही। वरीय कवि राम किशोर सिंह और लव कुश प्रसाद ने अपनी गंभीर रचनाओं से माहौल बनाया। वहीं, मशहूर शायर मुस्ताक अहमद ‘मुस्ताक’ और इकबाल अख्तर ‘दिल’ ने अपनी गज़लों और शेरों से वाहवाही लूटी। कवि समुंदर सिंह, नीरज कुमार पाठक और कौशल किशोर ने समसामयिक विषयों पर काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कवि जनार्दन मिश्र ‘जलज’, वेद प्रकाश जी, अंबुज कुमार सिंह, निवास मंडल, गोपेंद्र कुमार सिंह ‘गौतम’ और केसर कुमार ने अपनी-अपनी विधाओं में बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। अंत में, वीर रस के कवि सह अधिवक्ता संजय सिंह ने अपनी ओजस्वी रचना से श्रोताओं में जोश भर दिया।

घंटों चले इस कवि सम्मेलन में साहित्य प्रेमियों की भारी उपस्थिति रही और कार्यक्रम देर तक चलता रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button