न्यूज

नीलकंठ महादेव सेवा समिति के संस्थापक को चांदी के मुकुट से किया गया सम्मानित

औरंगाबाद। आस्था सेवा समिति, औरंगाबाद की ओर से शहर के शाहपुर स्थित सूर्य मंदिर के समीप लक्ष्मी होटल में आयोजित सम्मान समारोह में नीलकंठ महादेव सेवा समिति के संस्थापक लखन प्रसाद को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की।

सम्मानित होने के बाद नीलकंठ महादेव सेवा समिति के संस्थापक लखन प्रसाद ने आस्था सेवा समिति के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मिले सम्मान का वास्तविक हक नीलकंठ महादेव सेवा समिति के संस्थापक नीरज कुमार उर्फ लप्पू गुप्ता का है। नीरज कुमार हमेशा साये की तरह उनके साथ खड़े रहे हैं और कांवरियों की सेवा करने के उनके सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा उनके लिए केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धा और समर्पण का विषय है।

आस्था सेवा समिति के संस्थापक धर्मेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि नीलकंठ महादेव सेवा समिति द्वारा औरंगाबाद जिले से करीब 300 किलोमीटर दूर जाकर बाबा धाम की पैदल यात्रा करने वाले कांवरियों की सेवा करना सराहनीय और अनुकरणीय कार्य है। कठिन यात्रा के दौरान कांवरियों को सेवा और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर समिति मानवता और सामाजिक दायित्व का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

उन्होंने कहा कि समाजसेवा किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है। सामूहिक प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। ऐसे सम्मान समारोह समाजसेवियों और सामाजिक संस्थाओं के उत्साह को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। आस्था सेवा समिति के संस्थापक धर्मेंद्र गुप्ता ने विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे बहुत सारी संस्थाओं को भी सम्मानित किया।

मौके पर आस्था सेवा समिति के अध्यक्ष महावीर जैन, संरक्षक डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद, नीलकंठ महादेव सेवा समिति के जयराम केसरी, मधुप गुप्ता, पवन सोनी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button