शिक्षा, उद्यमिता और युवा नेतृत्व से बदलेगा बिहार का भविष्य: राजीव प्रताप रूडी

पेमा गांव में श्रद्धांजलि सभा, स्व. मिथिलेश कुमार सिंह की प्रतिमा का अनावरण और स्व. मुन्द्रिका प्रसाद सिंह द्वार का किया उद्घाटन; बोले—प्रतिभाओं को अवसर देना समाज की जिम्मेदारी
औरंगाबाद, 12 अक्टूबर 2026। बिहार के विकास की मजबूत नींव शिक्षा, उद्यमिता और योग्य युवा नेतृत्व में निहित है। आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर ही समाज और राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। यह बातें सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेमा गांव में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहीं। इस अवसर पर उन्होंने समाजसेवी स्व. मिथिलेश कुमार सिंह की प्रतिमा का अनावरण तथा स्व. मुन्द्रिका प्रसाद सिंह द्वार का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह, कुटुंबा विधायक ललन राम और बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा नेता गोपाल शरण सिंह और राकेश कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश कुमार सिंह ‘पप्पू’ ने की, जबकि मंच संचालन परविंदर मिश्रा ने किया। आयोजन के मुख्य सूत्रधार एवं आयोजक कमलेश कुमार सिंह रहे।
समाजसेवियों के योगदान को किया याद
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राजीव प्रताप रूडी ने स्व. मिथिलेश कुमार सिंह के सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसके योगदान और जिम्मेदारियों के निर्वहन से बनती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
शिक्षा और उद्यमिता से आत्मनिर्भर बनेगी नई पीढ़ी
सांसद रूडी ने कहा कि युवाओं की सफलता केवल नौकरी या राजनीतिक पद तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्हें व्यवसाय, उद्यमिता, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक प्रगति का प्रमुख आधार बताते हुए बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई।
उन्होंने कहा कि समाज की जिम्मेदारी है कि वह बच्चों की प्रतिभा को पहचाने, उन्हें प्रोत्साहित करे और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराए। शिक्षा के साथ कौशल और उद्यमशीलता की भावना विकसित होने से युवा अपने पैरों पर खड़े हो सकते हैं तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी योगदान दे सकते हैं।
योग्य युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का आह्वान
राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए योग्य नेतृत्व तैयार करना समय की जरूरत है। समाज को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान करनी चाहिए और उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने बिहार में आधारभूत संरचना, नए शहरों, हवाई अड्डों, रोजगार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं से बदलते समय के अनुरूप शिक्षा एवं कौशल हासिल करने का आह्वान किया।
सांसद कंट्रोल रूम से जनसमस्याओं में सहायता
अपने संबोधन में रूडी ने छपरा स्थित सांसद कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि टोल-फ्री नंबर 18003456222 के माध्यम से लोग अस्पताल में सहायता, दुर्घटना, बिजली, सड़क और अन्य जनसमस्याओं से संबंधित जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जरूरतमंदों तक यथासंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
पेमा गांव में आयोजित यह कार्यक्रम दिवंगत समाजसेवियों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ शिक्षा, आत्मनिर्भरता और युवा नेतृत्व के माध्यम से समाज के विकास का संदेश देने वाला अवसर बना।



