औरंगाबाद

एक पेड़, हजार जीवन का संदेश: पवई पंचायत में सैकड़ों लोगों के बीच फलदार पौधों का वितरण

औरंगाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बिहार के औरंगाबाद जिले के पवई में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश देने वाली पहल देखने को मिली। “एक पेड़, हजार जीवन” के संकल्प के साथ पवई पंचायत पैक्स गोदाम परिसर में सैकड़ों लोगों के बीच विभिन्न प्रकार के फलदार पौधों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व देव व्यापार मंडल अध्यक्ष सह पवई पंचायत पैक्स अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने किया। पौधों के वितरण के दौरान पंचायत के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधे प्राप्त किए और उन्हें अपने-अपने घरों तथा आसपास के स्थानों पर लगाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण को संतुलित रखने में ही महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाते, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आयोजित यह पहल सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण जागरूकता का संदेश देती नजर आई। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष के साथ पंचायत के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। पौधे लेकर लोगों का अपने घरों की ओर लौटना इस अभियान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button