डॉ. संदीप मारवाह बने अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के लाइफटाइम राष्ट्रीय सलाहकार

प्रदीप कुमार नायक( स्वतंत्र लेखक एवं पत्रकार)
मधुबनी संस्थान को मिलेगा वैश्विक विस्तार, गुरुकुल शिक्षा और गौसंरक्षण को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल l
भारतीय संस्कृति शिक्षा मीडिया तथा गौसेवा के क्षेत्र में कार्यरत अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान ने एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय लेते हुए अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मीडिया शिक्षाविद् एवं सांस्कृतिक दूत डॉ. संदीप मारवाह को संस्थान का लाइफटाइम राष्ट्रीय सलाहकार नियुक्त किया है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब डॉ. मारवाह को वर्ष 2026 के लिए फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) का उपाध्यक्ष भी नामित किया गया है, जिसे भारतीय सिनेमा एवं मीडिया जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान भारत की प्राचीन गुरुकुल परंपरा, गौसंरक्षण, गौअनुसंधान, संस्कृतिपरक शिक्षा, राष्ट्र निर्माण तथा मानवीय मूल्यो के संरक्षण के लिए समर्पित एक राष्ट्रीय संस्था है।संस्थान का उद्देश्य भारतीय जीवन दर्शन को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और वैश्विक संवाद से जोड़ना है। डॉ. संदीप मारवाह जैसे अंतरराष्ट्रीय अनुभव संपन्न व्यक्तित्व के जुड़ने से संस्थान के इन उद्देश्यो को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
डॉ. संदीप मारवाह रचनात्मक कला, फिल्म, मीडिया शिक्षा और सांस्कृतिक कूटनीति के क्षेत्र में विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित नाम है। वे नोएडा फिल्म सिटी के संस्थापक, मारवाह स्टूडियोज के चेयरमैन तथा एएएफटी विश्वविद्यालय के संस्थापक-कुलाधिपति है। इसके अलावा वे 145 से अधिक देशों के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर चुके हैं और भारत की सांस्कृतिक सॉफ्ट पावर को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भारतीय कला, संस्कृति और शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनके योगदान के लिए उन्हे देश-विदेश में अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके है।इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि ने कहा कि डॉ. संदीप मारवाह जैसे वैश्विक दृष्टि संपन्न व्यक्तित्व का मार्गदर्शन संस्थान के लिए गौरव का विषय है। उनका अनुभव गुरुकुल शिक्षा, भारतीय संस्कृति और गौसेवा को अंतरराष्ट्रीय विमर्श से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा। वही राष्ट्रीय संगठन महासचिव आनंद सिंह ने कहा कि डॉ. मारवाह की नियुक्ति से संस्थान की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक सुदृढ़ होगी तथा यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए सांस्कृतिक और शैक्षिक दिशा तय करेगा।संस्थान ने विश्वास जताया है कि डॉ. संदीप मारवाह के मार्गदर्शन में गुरुकुल शिक्षा को आधुनिक मीडिया से जोड़ने, गौशाला अनुसंधान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को अंतरराष्ट्रीय संवाद में स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। संस्थान परिवार का मानना है कि यह सहयोग राष्ट्र संस्कृति और समाज के लिए दीर्घकालिक रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।



