प्रधानाध्यापक की सेवानिवृत्ति पर आयोजित हुआ विदाई सह सम्मान समारोह

औरंगाबाद 13/1/26, नवीनगर प्रखंड के बैरिया बाजार स्थित पुनपुन उच्च विद्यालय के प्रांगण में प्रधानाध्यापक राजेंद्र पाठक जी की सेवानिवृत्ति पर आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।विद्यालय के पूर्व सचिव भगवान राम की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का संचालन औरंगाबाद जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन के महामंत्री धनंजय जयपुरी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्य अतिथि, समकालीन जवाबदेही पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, एस एस सिन्हा कॉलेज के अवकाश प्राप्त प्रोफेसर डॉ रामाधार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि उपेंद्र कुमार मेहता, जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन के उपाध्यक्ष सुरेश विद्यार्थी, महात्मा गांधी उच्च विद्यालय नाऊर के प्रधानाध्यापक विनोद पांडेय, कमला प्रसाद दिनकर, दिनेश सिंह सहित अन्य लोगों द्वारा किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा राजेंद्र पाठक जी को अंग-वस्त्र पुष्पहार, प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा श्रद्धेय पाठक जी की कार्यदक्षता एवं व्यवहार कुशलता पर विधिवत चर्चा की गई। मुख्य अतिथि ने कहा की शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता, उनकी गतिविधियां जीवन पर्यंत चलती रहती हैं। पाठक जी ने विद्यालय की स्थापना काल से अबतक शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय के प्रति जो कर्तव्यनिष्ठता दिखलाई है, अवर्णनीय है। उपेंद्र मेहता ने कहा कि चार दशक पूर्व निर्मित इस विद्यालय में हजारों छात्रों ने शिक्षा ग्रहण कर विद्यालय का नाम रौशन किया है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित सभी छात्र-छात्राओं ने सजल नयनों से पाठक जी पर फूलों की वर्षा करते हुए उनके घर तक छोड़ा।वर्तमान प्रधानाध्यापक लवलेश कुमार सिन्हा, हिमांशु रंजन, दयानंद सिंह, विश्वनाथ पाण्डेय, अनूप प्रसाद, योगेंद्र प्रसाद, सुधांशु पाण्डेय,जवाहर साव, रामप्रवेश यादव, रामबरन मेहता, विनोद साव, अमरेश मिश्र इत्यादि ने श्रद्धेय पाठक के जीवन-दर्शन पर अपने-अपने विचार व्यक्त किये।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सैकड़ो लोग उपस्थित थे।




