दिल्ली

मैत्रेयी कॉलेज में ‘फॉकलोर’ थीम के साथ मना फ्रेशर्स–25

नई दिल्ली। मैत्रेयी कॉलेज में, सोमवार को मिस फ्रेशर्स 2025 समारोह धूमधाम से आयोजित हुआ। प्राचार्या प्रो. हरित्मा चोपड़ा के संरक्षण और प्रेरणा से हुए इस आयोजन की शुरुआत गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद महाविद्यालय और दिल्ली विश्वविद्यालय का कुलगीत सामूहिक रूप से गाया गया।

 

समारोह की मुख्य अतिथि कथक नृत्यांगना और कथा वाचक डॉ. रिचा जैन रहीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का विषय ‘फॉकलोर’ भारतीय संस्कृति की गहराई को अभिव्यक्त करता है और इसमें भाग लेना छात्राओं के लिए परंपरा से जुड़ने का अवसर है।

 

उप–प्राचार्या प्रो. ज्योति सिंह ने प्रथम वर्ष की छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि फ्रेशर्स समारोह केवल स्वागत का अवसर नहीं, बल्कि यह आत्मविश्वास और सृजनशीलता को निखारने का मंच भी है। कॉलेज जीवन सपनों को सँवारने और व्यक्तित्व को निखारने का सुनहरा समय है।

 

मिस फ्रेशर्स 2025 प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित हुई, जिसमें 13 छात्राओं ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में प्रो. सरोज रानी, डॉ. ऋतु गाबा और प्रियंका निरुपम शामिल थीं। प्रतियोगिता का खिताब रिमिशा गुप्ता ने जीता। स्तुति उपविजेता और विधि द्वितीय उपविजेता बनीं। वहीं निलायम को मिस फैशन आइकन, वैभवी को मिस नॉलेज आइकन और ऋषिका को मिस स्टार परफॉर्मर चुना गया।

 

समारोह में राजनीति विज्ञान विभाग से सेवानिवृत्त डॉ. विशु भल्ला, डॉ. मंजू सुभाष और श्रीमती दयावती भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। छात्राओं ने वरिष्ठ जनों का सम्मान कर सकारात्मक संदेश दिया।

 

इस आयोजन को छात्रा यूनियन की संयोजक डॉ. अनीता देवी, सह–संयोजक डॉ. गज़ाला रूही और डॉ. पारुल यादव के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। छात्रा यूनियन की प्रेसीडेंट इशिता श्रीवास्तव, वाइस प्रेसीडेंट अदिति भटनागर, जनरल सेक्रेटरी काब्याश्री दास और ट्रेज़रर दृष्टि कसाना ने समारोह की सफलता में अहम योगदान दिया।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मिस फ्रेशर्स प्रतियोगिता ने मिलकर फ्रेशर्स–25 को यादगार बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button