” प्यारा प्यारा रक्षाबंधन “

गीत : ” प्यारा प्यारा रक्षाबंधन ”
****
पावन पर्व का है अभिनंदन
भाई बहन का मन है चंदन।
लिए पुरानी यादें आता प्यारा प्यारा रक्षाबंधन।।
बचपन की वो मीठी बातें,
रोज़ रूठना रोज़ मनाना।
छोटी छोटी रोज शरारत,
संग हँसना संग संग मुस्काना।।
आज वही पल मन मे सजकर,करते हैं दिल मे स्पंदन।
लिए पुरानी यादें आता,प्यारा प्यारा रक्षाबंधन।।
दूर भले ही राहें हों पर,
मन से कभी न होगी दूरी।
सुख दुख में हम साथ रहेंगे,
प्यार की ना ये टूटे डोरी
सुख की कलियां खिलें नित्य ही
महके अपना ये घर आंगन।
लिए पुरानी यादें आता, प्यारा प्यारा रक्षाबंधन।।
माथे तिलक लगाऊँ भैया,
राखी तेरे हाथ सजाऊँ।
सुख समृद्धि हो घर में तेरे,
ईश्वर से मैं यही मनाऊँ।।
रिश्ता सब जन्मों से प्यारा
सब रिश्तों का है ये दरपन।
लिये पुरानी यादें आता प्यारा प्यारा रक्षाबंधन।।
डॉ.अंजना सिन्हा “सखी ”
रायगढ़, छत्तीसगढ़



