जेठ पूर्णिमा पर विष्णु धाम में महाआरती एवं सिंह प्रतिमा का अनावरण

औरंगाबाद 12/6/25, जिले का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल विष्णु धाम के प्रांगण में ग्रीष्म ऋतु के अवसान एवं वर्षा ऋतु के आगमन के मध्य वेला जेठ पूर्णिमा के अवसर पर महाआरती का आयोजन किया गया।संध्या में विष्णु धाम परिसर स्थित भगवान विष्णु एवं अन्य देवी देवताओं की षोडशोपचार विधि से पूजा अर्चना की गई।तत्पश्चात भगवान विष्णु के विभिन्न अवतार एवं उनके अद्भुत एवं दिव्य चरित्र को संपोषित आरती का गान किया गया। विष्णु धाम के वर्तमान महंत बालकानंद ब्रह्मचारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संचालन जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन के उपाध्यक्ष सुरेश विद्यार्थी द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जम्होर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप कुमार सिंह,सरपंच पप्पू ज्वाला सिंह,उपसरपंच सतीश कुमार वर्मा की गरिमामई उपस्थिति रही। वहीं समाजसेवी राजू वर्मा,जम्होर विकास मंच के सचिव राणा सुनील सिंह, विष्णु धाम महोत्सव समिति के सक्रिय कार्यकर्ता कुंदन कुमार सोनू,आचार्य मधुसूदन त्रिवेदी,अमित कुमार,राजू सिंह सहित अन्य लोगों ने हिस्सा लिया।महाआरती के पश्चात महंत बालकानंद ब्रह्मचारी जी के बैठने का स्थान के बाएं और दाएं जो सिंह की प्रतिमा स्थापित की गई थी,उसका अनावरण किया गया।अनावरण के पश्चात उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि बायीं और दायीं सिंह की प्रतिमा इस बात का प्रतीक है कि सिंह के दृढ़ शक्ति के जैसे अडिग होकर यहां पर अपनी कार्य सेवा एवं धार्मिक संप्रेषण को मूर्त रूप प्रदान करेंगे। महाआरती के संदर्भ में सुरेश विद्यार्थी ने बताया कि जिस धार्मिक स्थल पर महाआरती का आयोजन होता है उस स्थल पर उस दिन कोई भी पूजा पाठ किया जाए तो उसकी विशेष फल की प्राप्ति होती है।यह भी बताया कि विष्णु धाम जैसा स्थल में पूर्णिमा तिथि अति महत्वपूर्ण है।इस तिथि को जो भी श्रद्धालु भक्त शामिल होतें हैं,उनकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।



