न्यूज

धीरजा शर्मा को मिला पहला आजीवन योगदान स्कूल शिक्षा पुरस्कार

चंडीगढ़ : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ देने वाली धीरजा शर्मा, लेक्चरर (अंग्रेज़ी), गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-40 बी, को शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री गुलाब चंद कटारिया , राज्यपाल पंजाब एवं प्रशासक चंडीगढ़ के कर कमलों द्वारा आजीवन योगदान स्कूल शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विशेष बात यह है कि यह पुरस्कार शिक्षा विभाग द्वारा पहली बार स्थापित किया गया है और इसे प्राप्त करने वाली वे पहली शिक्षिका बनी हैं। धीरजा शर्मा का 31 वर्षों का विशिष्ट करियर शिक्षण, लेखन और सांस्कृतिक नेतृत्व में उत्कृष्टता का प्रतीक रहा है। वे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने वाली एक प्रेरणादायी शिक्षिका और मार्गदर्शिका हैं। वे एक बहुप्रतिभाशाली लेखिका हैं और अब तक उनकी 11 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्होंने  राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद चंडीगढ़ और शिक्षा विभाग  की पर्यावरण अध्ययन और हिंदी की  एक्टिविटी पुस्तकों के लेखन में भी योगदान दिया है। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित वर्कशॉप्स और सेमिनारों में उन्होंने सब्जेक्ट एक्सपर्ट और रिसोर्स पर्सन के रूप में अपना योगदान दिया है।

नव साक्षरों के लिए लिखी गई उनकी पुस्तक “मेळा” के लिए उन्हें वर्ष 2002 में भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय साहित्य पुरस्कार प्रदान किया गया। उनकी बाल कविताओं की तीन पुस्तकों को चंडीगढ़ साहित्य अकादमी और हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी रचनात्मकता नाटक और मंच संचालन में भी समान रूप से झलकती है। उन्होंने चंडीगढ़ शिक्षा विभाग के  विद्यार्थियों और शिक्षकों लिए 50 से अधिक नाटकों का लेखन और निर्देशन किया  जिनमें से कई राज्यस्तर प्रतियोगिताओं में  प्रथम घोषित किए गए। चंडीगढ़ प्रशासन के विभिन्न विभागों के राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में कुशल एंकर के रूप में भी इन्होंने अपनी छाप छोड़ी है। शिक्षा विभाग ने शिक्षा में उनके उत्कृष्ट योगदान को पहले भी राज्य पुरस्कार, प्रशंसा-पत्र और प्रशस्ति पत्रों से मान्यता दी है। अब उन्हें इस पहले आजीवन योगदान स्कूल शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित करना न केवल उनकी उपलब्धियों का गौरव है बल्कि पूरे शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button