औरंगाबाद जिले का नाम देव करने के लिए चरणबद्ध आंदोलन करने का लिया गया निर्णय

इस मांग को समर्थन करने हेतु कुटुम्बा विधायक ललन राम को किया जाएगा सम्मानित
1 मार्च को आयोजित किया जाएगा होली मिलन समारोह।
औरंगाबाद , उक्त निर्णय जनेश्वर विकास केंद्र के प्रखंड ईकाई देव की हुई बैठक में लिया गया। बैठक सहदेव चौधरी पुस्तकालय देव में श्री वीरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई । जनेश्वर विकास केंद्र के केन्द्रीय सचिव सिद्धेश्वर विद्यार्थी ने बताया कि विहार में आधे से अधिक जिलों का नाम ऐतिहासिक और धार्मिक जगहों के नाम पर रखा गया है । जैसे राजा रोहतास के नाम पर जिला का नाम रोहतास जबकि मुख्यालय सासाराम, पर्वत श्रृंखला कैमूर के नाम पर जिला का नाम कैमूर जबकि मुख्यालय भभूआ , राजा भोज के नाम पर जिला का नाम भोजपुर जबकि मुख्यालय आरा, ऐतिहासिक स्थल वैशाली जबकि मुख्यालय हाजीपुर, ऐतिहासिक स्थल नालान्दा के नाम पर नालान्दा जबकि मुख्यालय विहार शरीफ में है । इसी तर्ज पर जिले की पहचान देव के नाम पर जिला का नाम होना चाहिए था ज नहीं हुआ । अब 1992 से ही औरंगाबाद जिला का नाम बदलकर देव करने की मांग की जा रही है । इस वर्ष देव महोत्सव में उक्त मांग के समर्थन में जोरदार आवाज कुटुम्बा विधायक श्री ललन राम ने उठाया है जिसके लिए बैठक में सर्वसम्मति से धन्यवाद ज्ञापित किया गया और उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। अन्य प्रस्ताव के जरिए इस मांग के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन करने का कार्यक्रम तय किये गये । सर्वप्रथम देव प्रखंड के पंचायत प्रतिनिधियों और विधायक तथा सांसद की बैठक बुलाकर उनका समर्थन प्राप्त किया जाएगा । तत्पश्चात हस्ताक्षर अभियान, प्रखंड से लेकर राजधानी तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा । आंदोलन को विस्तार देने हेतु कुटुम्बा प्रखंड संयोजक के रूप में विवेक मिश्रा को संयोजक मनोनीत किया गया है अंतिम में 1 मार्च को किंकर नाट्य कला मंच पर होली मिलन समारोह आयोजित किया जायेगा । इसके तहत होली गायन और हास्य-व्यंग्य कवि सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। बैठक में अधिवक्ता यशवंत कुमार,एकबाल अहमद, सूर्यदेव यादव, विवेक मिश्रा, धनंजय कुमार सिंह,जनेश्वर यादव, अनील कुमार सिंह, रत्न तिवारी,डा महेंद्र, पंचायत समिति सदस्य चंदन कुमार सिंह, बलिराम चन्द्रवंशी, दीपक गुप्ता, राकेश कुमार, रत्नेश कुमार सिंह, विनय चन्द्रवंशी, निखिल कुमार सिंह, शिवम् गुप्ता आदि मौजूद थे।



