शतचंडी धाम रायपुरा पहुंचे सिद्ध संत हनुमान नाथ दर्शन कर हुए अभिभूत

औरंगाबाद 19/11/25, जिला मुख्यालय औरंगाबाद से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ एवं तीर्थ स्थल सत्यचंडी धाम रायपुरा के प्रांगण में उत्तराखंड के महान संत योगी हनुमान नाथ जी का आगमन हुआ।सत्यचंडी धाम पहुंचकर अभिभूत हुए और कहा कि शक्ति उपासना का यह प्रसिद्ध स्थल है वे यहां रहकर एक माह तक शक्ति आराधना करेंगे।अखंड राम नाम जप करने का उन्होंने संकल्प लिया।उन्होंने यह भी बताया कि इस शक्तिपीठ पर जो भी भक्त वैष्णवी परंपरा के माध्यम से शक्ति उपासना करेगा उसे अभीष्ट फल की प्राप्ति होगी। सत्यचंडी धाम न्यास समिति के सचिव राजेंद्र सिंह,अध्यक्ष अमरेश सिंह ने उनका भव्य स्वागत किया। बताया कि इस तीर्थ स्थल की महिमा पुराणों में वर्णित है।यहां जो भी श्रद्धालु भक्त आते हैं वे निराश होकर कभी नहीं जाते हैं वे जिस मनोकामना हेतु आते हैं, उनकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है विदित हो कि शास्त्रोक्त मत में इस शक्तिपीठ पर सती माता का रक्तिम हस्त गिरने का प्रमाण मिलता है और प्राचीन समय में यह वनों से आच्छादित क्षेत्र के रूप में चर्चित था।जहां पर माता का स्थान विराजमान है। सिद्ध संतों ने इस स्थान की खोज की और बताया कि यह स्थल शक्ति उपासना का जागृत स्थल है सत्यचंडी माता अगल-बगल के सैकड़ो ग्राम की कुलदेवी के रूप में पूजी जाती हैं। महोत्सव मित्र सुरेश विद्यार्थी ने कहा कि बिहार सरकार और जिला प्रशासन को इस स्थल पर ध्यान देना चाहिए।यदि इस स्थल पर रोपवे लगाकर पार्क का निर्माण कर दिया जाए तो यह औरंगाबाद जिला का सबसे महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल के रूप में विकसित हो सकता है।


