
“ऑपरेशन सिंदूर” – भारतीय सेना को समर्पित एक अनूठा काव्य संकलन, कवि स्पर्श मंच की नई पहल
भारत; साहित्यिक मंच कवि स्पर्श द्वारा प्रकाशित किया जा रहा नवीनतम काव्य संकलन “ऑपरेशन सिंदूर” भारतीय सेना की वीरता, साहस और बलिदान को समर्पित एक ऐतिहासिक साहित्यिक प्रयास है। यह संग्रह न केवल भावनाओं की गहराई में उतरता है, बल्कि यह राष्ट्रीय गौरव और मातृभूमि के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त दस्तावेज भी प्रस्तुत करता है।
कवि स्पर्श मंच विगत वर्षों से साहित्यिक गतिविधियों में संलग्न रहा है और निरंतर लेखनी को प्रोत्साहित करने हेतु विविध संकलनों का प्रकाशन करता रहा है। मंच द्वारा प्रकाशित पूर्ववर्ती चर्चित संकलनों में “आओ मतदान करें”, “शब्दों की चादर” तथा “रक्षा बंधन” जैसे विषयों पर आधारित संग्रह विशेष रूप से सराहे गए हैं। इन्हीं साहित्यिक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए अब प्रस्तुत किया जा रहा है – “ऑपरेशन सिंदूर”।
“ऑपरेशन सिंदूर” की विशेषता इसकी व्यापकता और समावेशिता है। यह पहली बार है जब एक ही संकलन में 111 रचनाकारों की कविताएं एक मंच पर संकलित की गई हैं। यह कार्य न केवल तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण था, बल्कि साहित्यिक संतुलन बनाए रखना भी एक बड़ा कार्य रहा है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के संपादन हेतु एक सक्षम संपादक मंडल का गठन किया गया है, जिसमें शामिल हैं:
सुषमा सिंह – सशक्त भाषा शैली एवं गहन भावनात्मक अभिव्यक्ति की कवयित्री।
शाहाना परवीन “शान” – सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं की संवाहिका।
गीतांजली दक्ष – नवोन्मेषी सोच और युवा लेखनी की प्रेरणा स्रोत।
बालेश्वर राम चंद्रवंशी – समर्पित साहित्य साधक एवं लोकभाषा के प्रति विशेष अनुराग रखने वाले रचनाकार।
इस संकलन की महत्ता को रेखांकित करते हुए वरिष्ठ कवि व शिक्षक श्रीराम राय ने कहा –
“‘ऑपरेशन सिंदूर’ न केवल कविताओं का संकलन है, यह देशप्रेम, समर्पण और वीरता की भावनाओं का संग्रथित रूप है। 111 रचनाकारों को एक साथ समाहित कर यह संग्रह भारतीय साहित्य में एक नई मिसाल प्रस्तुत करेगा।”
“ऑपरेशन सिंदूर” निश्चय ही समकालीन कविता-साहित्य में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा, जो देशभक्ति और मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण है। कवि स्पर्श मंच का यह प्रयास साहित्य और देशप्रेम के संगम की ओर एक प्रभावशाली कदम है।




